नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द होने से डॉक्टर बनने का सपना देख रहे लाखों बच्चों को झटका लगा है. 3 मई को हुई परीक्षा में पेपर लीक होने के बाद से NTA यानी नैशनल टेस्टिंग एजेंसी ने रद्द करने का फैसला लिया है. अब यह परीक्षा दोबारा होगी और साथ ही मामले की जांच के लिए सीबीआई की जांच भी होगी. यह परीक्षा एनटीए ही आयोजित करवाता है. पहले भी यह परीक्षा लीक होने के बाद रद्द हो चुकी है, जिससे कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं. यहां जान लेते हैं कि यह NTA क्या है और इसे कब बनाया गया था? एनटीए कौन-कौन सी परीक्षाओं का आयोजन कराती है और अलग से इसके गठन की जरूरत क्यों पड़ी?
NEET UG पर ग्रहण लगने के बाद से नैशनल टेस्टिंग एजेंसी फिर से चर्चा में है. राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) भारत में उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित करने वाली एक ऑटोनमस संस्था है. बीते कुछ सालों में ईमानदार तरीके से परीक्षाओं के संचालन और प्रबंधन को लेकर यह काफी चर्चा में रही है.

