
अमी सुवेंदु अधिकारी, ईश्वोरे नामे शॉपथ करिते जे पश्चिम बंगाल राज्य मुख्यमंत्री रुपे… कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में 9 मई शनिवार को राजनीति का ऐतिहासिक रूप देखने को मिला, जब भाजपा के दिग्गज नेता सुवेंदु अधिकारी ने सीएम पद की शपथ ली. बांग्ला राज्य में पहली बार सत्ता में आई भाजपा ने आखिर सुवेंदु को ही क्यों कुर्सी पर बैठाया? सत्ता परिवर्तन की इस लड़ाई में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व में कौन सी खूबी नजर आई? कुछ ऐसे अहम फैक्टर रहे, जो अधिकारी के पक्ष में गए. वो क्या थे? जिस सुवेंदु को लेकर बचपन में घरवाले सोचते थे कि कहीं बच्चा संन्यासी ना बन जाए, वो आज ममता बनर्जी को बेदखल कर मुख्यमंत्री पद का अधिकारी कैसे हो गया? आइए हर सवाल का जवाब समझते हैं.
सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के 9वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ले लिया है. साल 1970 में पश्चिम बंगाल के पूर्व मिदनापुर के कर्कुली नामक गांव में सुवेंदु अधिकारी का जन्म हुआ था, उन्हें पारिवारिक विरासत में राजनीति मिली. उसके पिता शिशिर अधिकारी कांग्रेस के बड़े नेता थे, जिन्होंने बाद में ममता बनर्जी के साथ तृणमूल कांग्रेस की राजनीति में जड़ें जमानी शुरू की.
